क्रासर
भारी पुलिस बल के बीच पैनल से कराया गया पोस्टमार्टम
फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के टिलिया ग्वालटोली मोहल्ला में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बीते दिन मोहल्ला निवासी रामवीर की पुत्री नैना (19) का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
परिजनों के अनुसार घटना के समय मृतका की छोटी बहन काजल स्कूल गई हुई थी। जब काजल स्कूल से लौटकर घर पहुंची तो उसने नैना को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने परिजनों और मोहल्ले के लोगों को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका के भाई राजू ने पुलिस को दी गई तहरीर में मोहल्ले के ही तीन नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। परिजनों का आरोप था कि युवती के मुंह के नीचे और पैर के अंगूठे पर घाव के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को युवती के शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। शव विच्छेदन की प्रक्रिया तीन डॉक्टरों—डॉ. दीपक कटारिया, डॉ. जय सिंह एवं डॉ. वशिष्ठ कटियार की टीम द्वारा कराई गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने युवती की मौत का कारण फांसी के फंदे से दम घुटना बताया है। डॉक्टरों के अनुसार मृतका के मुंह और पैर के अंगूठे पर पाए गए घाव चूहा, छछूंदर आदि के काटने से बने प्रतीत होते हैं, जो शव के लटकने के दौरान या बाद में हो सकते हैं।
पोस्टमार्टम के बाद भी परिजन रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर कोतवाली फतेहगढ़ प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह एवं महिला थाना प्रभारी रक्षा सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव लेकर चले गए।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
युवती की मौत का मामला: पोस्टमार्टम में फांसी से मौत की पुष्टि, परिजन हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराने पर अड़े


