27.5 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

स्पेशल एजुकेटर भर्ती साक्षात्कार में देरी से अभ्यर्थी परेशान, धूप में घंटों करना पड़ा इंतजार

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में स्पेशल एजुकेटर के पदों पर भर्ती के लिए सोमवार को विकास भवन में आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया अव्यवस्था के कारण तय समय पर शुरू नहीं हो सकी। साक्षात्कार देने पहुंचे अभ्यर्थियों को कड़ी धूप और गर्मी के बीच लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, जिससे उनमें नाराजगी देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार स्पेशल एजुकेटर के रिक्त पदों को भरने के लिए यह साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसमें भाग लेने के लिए फर्रुखाबाद जनपद के अलावा आसपास के कई जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विकास भवन पहुंचे थे। अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से साक्षात्कार शुरू होने का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी, जिससे वहां मौजूद अभ्यर्थियों को लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का टोकन लेने के लिए इंतजार करना पड़ा।

अभ्यर्थियों का कहना है कि साक्षात्कार में देरी के कारण उन्हें धूप और गर्मी में काफी देर तक खड़ा रहना पड़ा। कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं थीं, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि दूर-दराज जिलों से आने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। विकास भवन परिसर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भीड़ होने के कारण अव्यवस्था का माहौल भी देखने को मिला।

हालांकि बाद में अधिकारियों द्वारा व्यवस्था संभालने के बाद साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू कराई गई। अभ्यर्थियों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में इस तरह की भर्ती प्रक्रियाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि दूर-दूर से आने वाले अभ्यर्थियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article