अमरोहाl जिले में गंगा-जमुनी तहजीब की अनोखी मिसाल देखने को मिली, जब मुस्लिम से हिंदू बनी तमन्ना मलिक बुर्का पहन कांवड़ लेकर जिले की सीमा से गुजरीं। उनके स्वागत में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा की और साथ चल रहे शिवभक्तों के जत्थे का जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

बताया गया कि संभल जिले के बदनपुर वसई गांव निवासी तमन्ना मलिक हरिद्वार से गंगा जल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकली थीं। वह बुर्का पहने हुए थीं और माथे पर तिलक लगाए कांवड़ लेकर चल रही थीं। जैसे ही उनका जत्था अमरोहा जिले की सीमा में प्रवेश किया, नौगावां सादात पुलिस हरकत में आ गई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस-प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जत्थे को कड़ी सुरक्षा के बीच आगे रवाना कराया।

तमन्ना से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया। कई लोगों ने इसे सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल बताया, तो कुछ ने इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दीं। हालांकि यात्रा के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। इसके लिए शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। प्रशासन ने हाईवे और मंडी धनौरा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है और हल्के वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। पुलिस के अनुसार यात्रा मार्ग पर लगातार गश्त की जा रही है और कांवड़ियों की सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here