फर्रुखाबाद। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा सर्राफा व्यापारी की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरी नवादा निवासी एजाज खां का 30 वर्षीय पुत्र जावेद खां गुरसहायगंज कस्बे में सर्राफा की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि जावेद किसी आवश्यक कार्य से फर्रुखाबाद गया हुआ था और देर शाम बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान जब वह थाना कमालगंज क्षेत्र में स्थित लव कुश कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जावेद उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा घायल जावेद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. मानसिंह वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक और खाली खड़ा ई-रिक्शा मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
इस हादसे में एक अन्य महिला भी घायल हुई है। जानकारी के अनुसार थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम कनकौली निवासी राजकुमार की 40 वर्षीय पत्नी अरुणा को भी चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि परिजन उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर ले गए, बताया जा रहा है कि उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। वहीं जावेद खां की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।


