25 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

रेलवे भूमि पर अतिक्रमण को लेकर बुलडोजर कार्रवाई

Must read

 

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के ईंट पजाया चौराहे के पास मंगलवार को रेलवे की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। दोपहर करीब 12 बजे रेलवे और आरपीएफ की संयुक्त टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिससे कब्जेदारों में हड़कंप मच गया।

रेलवे की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस बल को तैनात रखा गया। लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण को हटते देख आसपास के इलाके में भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार श्यामगंज से इज्जतनगर रेलवे वर्कशॉप तक जाने वाली रेल लाइन पर करीब 50 वर्ष पहले तक ट्रेनों का संचालन होता था। संचालन बंद होने के बाद रेलवे की सैकड़ों बीघा जमीन पर धीरे-धीरे अवैध कब्जे हो गए। श्यामगंज रेलवे स्टेशन और वहां स्थित लकड़ी डिपो भी अतिक्रमण की चपेट में आ गए।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों द्वारा पक्के निर्माण करा लिए गए थे। रेलवे प्रशासन ने पहले ही अवैध कब्जों को चिह्नित कर कई बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद मजबूरन विभाग को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

रेलवे की टीम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के अन्य इलाकों में भी पूर्वोत्तर रेलवे की जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटाने की तैयारी की जा रही है, ताकि सार्वजनिक संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article