ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के आसपास अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया और करीब 300 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को कब्जामुक्त कराया।
प्राधिकरण की यह कार्रवाई जेवर एयरपोर्ट के नजदीक स्थित एरो ग्रीन बिल्डर द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर की गई। अधिकारियों के अनुसार, करीब एक लाख वर्ग मीटर जमीन पर बिना अनुमति कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जिसे नियमों के तहत अवैध घोषित किया गया था।
यमुना प्राधिकरण की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर लगाकर अवैध निर्माणों को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध या अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्राधिकरण का कहना है कि एयरपोर्ट परियोजना और आसपास के नियोजित विकास में अवैध निर्माण सबसे बड़ी बाधा हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि पहले भी संबंधित बिल्डर को नोटिस दिए गए थे, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद मजबूरन यह सख्त कदम उठाया गया। यमुना प्राधिकरण ने साफ किया है कि जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद बिल्डर लॉबी में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों और निवेशकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है कि वे केवल प्राधिकरण से स्वीकृत परियोजनाओं में ही निवेश करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here