करहल/ मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। करहल में एक प्रतिष्ठान के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि मौजूदा बजट मध्यम और निम्न वर्ग के लिए नहीं, बल्कि बड़े-बड़े पूंजीपतियों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इस बजट में आम आदमी की जरूरतों की अनदेखी की गई है और हर तरफ केवल भ्रष्टाचार ही नजर आ रहा है।
प्रतिष्ठान का फीता काटकर उद्घाटन करने के बाद शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा हिंदू सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों के जरिए समाज को बांटने का काम कर रही है, जिससे देश कमजोर होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी समाज को जोड़ने की राजनीति करती है और भाजपा की विभाजनकारी नीतियों का डटकर मुकाबला करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रदेश में रोज हत्याएं, अपहरण और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे जनता में भय का माहौल है।
शिवपाल सिंह यादव ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर दोगुनी रफ्तार से चल रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले से कहीं अधिक आ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पुराने मीटर ही सही थे, उन्हें ही लगाया जाना चाहिए था। इससे आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा महासचिव ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के बल पर भाजपा को हराकर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान रविंद्र यादव और सुरेश चंद्र ने शिवपाल सिंह यादव को चांदी का मुकुट पहनाकर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष चंद्र यादव, एमएलसी मुकुल यादव, पूर्व विधायक अनिल यादव, राकेश यादव, बृज कुमार यादव, राहुल यादव, राम नारायण बाथम, सनी यादव, अरुणेंद्र यादव, उदयवीर यादव, सुरेंद्र यादव, आजम खान, महेश बाबू, जीवन यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


