एटा: बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (BSP state president) विश्वनाथ पाल सोमवार को लखनऊ से अलीगढ़ जाते समय एटा (Etah) पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने गुप्ता पैलेस में रुककर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बताया कि वह अलीगढ़ में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, इसी दौरान एटा में कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए रुके। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो “बहन जी” मायावती द्वारा दिए गए मंत्रों पर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि बसपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
विश्वनाथ पाल ने कहा कि वर्ष 2007 में बसपा ने अपने दम पर चुनाव लड़कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी और वर्ष 2027 में भी पार्टी बिना किसी गठबंधन के पूरे प्रदेश में अपने बल पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा पंचायत चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, किसी भी स्तर पर गठबंधन नहीं करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हर कार्यकर्ता “बहन जी” के निर्देशों के अनुसार अपने-अपने बूथ पर मजबूती से डटा रहेगा। उन्होंने इसे “जनता का गठबंधन” बताते हुए कहा कि बसपा एक बार फिर उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस अवसर पर कासगंज जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह, कोऑर्डिनेटर अनिल बघेल एवं पृथ्वीराज गौतम, एटा जिलाध्यक्ष धर्मदत्त सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह भास्कर सहित अखिलेश व बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


