बाराबंकी। जिले की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। समाजवादी पार्टी से लंबे समय तक जुड़े रहे तालिब नजीब कोकब ने अब बहुजन समाज पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात कर औपचारिक रूप से पार्टी ज्वाइन की।
तालिब नजीब कोकब के बसपा में शामिल होने को बाराबंकी ही नहीं, बल्कि अवध क्षेत्र की राजनीति के लिए भी अहम माना जा रहा है। वे लंबे समय तक समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनका अच्छा राजनीतिक व सामाजिक प्रभाव माना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, बसपा नेतृत्व ने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पकड़ बढ़ाने के उद्देश्य से तालिब नजीब कोकब को पार्टी में शामिल किया है। वहीं, तालिब नजीब का कहना है कि बसपा की नीतियों और मायावती के नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है।
इस राजनीतिक बदलाव के बाद बाराबंकी की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इसका असर स्थानीय समीकरणों और अन्य दलों की रणनीतियों पर भी पड़ सकता है।






