मेरठ। जिले में बीएसएफ जवान की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि जवान की हत्या किसी बाहरी दुश्मनी का नहीं, बल्कि घरेलू साजिश का नतीजा थी। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सुपारी देकर पति की हत्या कराई। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव की है, जहां बीएसएफ में तैनात नैन सिंह (38) की 27 मार्च की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभ में परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों पर शक जताया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला पूरी तरह पलट गया। गहन छानबीन और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस असली आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी कोमल के अपने मौसेरे देवर गुलशन से अवैध संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन नैन सिंह इसका विरोध करता था। इसी के चलते दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत गुलशन ने अपने तीन साथियों को छह लाख रुपये देकर नैन सिंह की हत्या की सुपारी दी।
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के लिए दिए गए पैसे कोमल ने अपने जेवर बेचकर जुटाए थे। इसी रकम से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी खरीदा गया। घटना के दिन कोमल अपने बच्चों के साथ मायके में थी, ताकि उस पर शक न जाए, जबकि रात में शूटर घर में घुसकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस ने जब आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब कोमल को मीडिया के सामने पेश किया गया, तो वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला।
एसएसपी के अनुसार, मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।


