23.1 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026

जीजा ने नाबालिग साली की ईंट से कुचलकर हत्या की, खुद थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

Must read

इटावा। जनपद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी नाबालिग साली की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि युवक ने पहले किशोरी को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाकर मंदिर में उससे शादी की और फिर घर लौटने के बाद ईंट से कुचलकर और दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद रविवार तड़के कोतवाली थाने पहुंच गया और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार सैफई थाना क्षेत्र के ग्राम नगला सुभान निवासी 16 वर्षीय किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैफई में कक्षा 11 की छात्रा थी। चार मार्च को होली के दिन करनपुरा मोहल्ला निवासी उसका मौसेरा जीजा विजय कुशवाहा (30) उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों का आरोप है कि विजय किशोरी को दिल्ली ले गया, जहां एक मंदिर में उसने उससे शादी कर ली। इस दौरान आरोपी ने शादी से जुड़े फोटो और वीडियो भी परिवार के लोगों को भेजे, जिससे उन्हें किशोरी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली।

घटना के बाद किशोरी के भाई शिवम ने छह मार्च को सैफई थाने में विजय के खिलाफ बहन को अगवा करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और आरोपी के रिश्तेदारों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।

बताया गया कि शनिवार शाम को विजय किशोरी को लेकर इटावा वापस आया। परिजनों के अनुसार रविवार तड़के करीब डेढ़ बजे वह किशोरी को लेकर अपने घर करनपुरा पहुंचा। इसके कुछ समय बाद करीब तीन बजे उसने किशोरी की ईंट से कुचलकर और दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को करनपुरा स्थित फूलन देवी डाडा जैन मंदिर के पीछे गली में डाल दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रविवार सुबह करीब चार बजे कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस से कहा कि उसने हत्या कर दी है और शव उठा लिया जाए। यह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया और मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतका के पिता रघुराज सिंह कठेरिया, जो पुलिस चौकीदार हैं, ने बताया कि आरोपी विजय कुशवाहा ने करीब पांच वर्ष पहले उनकी बेटी की मौसेरी बहन निशा कठेरिया से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से उनका तीन वर्ष का एक बेटा भी है। विजय दिल्ली जल बोर्ड में संविदा पर मैकेनिक के पद पर कार्यरत है। बताया गया कि करीब दो महीने पहले विजय का अपनी पत्नी निशा से विवाद हो गया था, जिसके बाद वह अपने मायके ग्राम बर्रा, थाना वैदपुरा में रह रही थी। इसी दौरान आरोपी का किशोरी से संबंध बन गया था।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली यशवंत सिंह ने बताया कि सैफई थाने में किशोरी के भाई की तहरीर पर पहले से अपहरण का मुकदमा दर्ज है। अब उसी मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। मामले की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी सैफई द्वारा की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article