21 C
Lucknow
Wednesday, February 18, 2026

फतेहपुर में खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से भाई-बहन की दर्दनाक मौत

Must read

 

फतेहपुर जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गांव निवासी राकेश शर्मा का परिवार झोपड़ी बनाकर रहता है। उनकी सात वर्षीय बेटी शिवांशी और पांच वर्षीय बेटा शत्रुघन मंगलवार रात पड़ोसी के घर के बाहर पानी भरने गए थे। बताया जा रहा है कि पड़ोसी के यहां सफाई के लिए सेप्टिक टैंक खुला पड़ा था।

पानी भरने के दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चे खुले टैंक के पास पहुंच गए और अनजाने में उसमें गिर गए। काफी देर तक बच्चों के न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से जब टैंक में देखा गया तो दोनों अंदर मिले। उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना देर रात पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद मौर्या ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, मामले की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने खुले सेप्टिक टैंक को ढंकने में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं न हों।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article