वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया, जब गैस सिलिंडर फटने से एक मकान ध्वस्त हो गया। इस हादसे में भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और शोक का माहौल फैल गया।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचकर लोगों ने देखा कि मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो चुका है और उसके नीचे परिवार के सदस्य दबे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। नगर निगम की मदद से जेसीबी के जरिए मलबा हटाया गया और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान ओम कुमार चौधरी (30) और उनकी बहन प्रीति (27) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अमन चौधरी (31) और बुजुर्ग गिरजा देवी (60) का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि सुबह खाना बनाते समय अचानक सिलिंडर में लीकेज हुआ और देखते ही देखते तेज धमाका हो गया, जिससे जर्जर मकान गिर पड़ा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस हादसे ने एक बार फिर घरेलू गैस सुरक्षा और जर्जर मकानों में रहने की जोखिम भरी स्थिति को उजागर कर दिया है।


