शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिस गश्त भी उन्हें नहीं रोक पा रही है। ताजा मामला थाना चौराहे के पास स्थित एक प्रोविजन स्टोर का है, जहां अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे से घुसकर हजारों रुपये की नगदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि दुकान की दूरी थाने से महज 50 कदम बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला गढ़ी निवासी जुबैर खां पुत्र जायद खां का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास थाना चौराहे के नजदीक एक प्रोविजन स्टोर है। रोज की तरह दुकान स्वामी देर शाम दुकान बंद कर घर चला गया था। बताया जा रहा है कि रात्रि के किसी पहर अज्ञात चोर दुकान के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुस गए।
चोरों ने दुकान के अंदर पहुंचकर दरवाजा तोड़ दिया और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान का अंदरूनी दरवाजा टूटा हुआ था और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
दुकानदार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित दुकानदार के अनुसार दुकान में रखी गोलक से करीब 20 हजार रुपये की नगदी के अलावा पान, बीड़ी, सिगरेट, मसाला, एनर्जी ड्रिंक और शीतल पेय पदार्थ चोरी हो गए हैं।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाने के इतने करीब इस तरह की घटना हो सकती है, तो अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर मौके का निरीक्षण किया गया है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है।
प्रोविजन स्टोर का ताला तोड़ हजारों की नगदी व सामान पार


