फर्रुखाबाद। बढ़पुर क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। देर रात राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
गुरुवार रात लगभग 10:30 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक को अचेत अवस्था में देखा और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डायल 112 के सिपाही रामकुमार ने 108 एंबुलेंस की सहायता से युवक को जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि युवक को पूरी तरह बेहोशी की हालत में लाया गया था। प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। डॉक्टर ने बताया कि उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्र को सूचना भेजकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक किस कारण बेहोश हुआ तथा वह कहां का रहने वाला है।




