बरेली। जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। पारिवारिक विवाद को लेकर चल रही पंचायत के दौरान एक युवक ने अपनी सास और साले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे दोनों की मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी भी हमले में घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रहपुरा चौधरी गांव निवासी अफसर खान का अपनी पत्नी साइमा के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले को सुलझाने के लिए सोमवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। दोनों पक्षों के लोग राशिद नामक व्यक्ति के घर पर एकत्र हुए थे और बातचीत चल रही थी।
बताया जाता है कि पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान अफसर खान ने अचानक चाकू निकालकर अपनी सास आसमां (54) और साले आदिल (20) पर हमला कर दिया। उसने दोनों पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।
हमले के दौरान आरोपी की पत्नी साइमा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो वह भी घायल हो गई। परिजन तुरंत घायलों को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने आसमां और आदिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि साइमा का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जोन रमित शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य और पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक भी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


