16 C
Lucknow
Sunday, February 8, 2026

ब्लास्ट से टूटा हाई वोल्टेज तार—छपरा एक्सप्रेस 2 घंटे खड़ी रही, कानपुर रूट बाधित

Must read

फर्रुखाबाद: प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते रह गया। रविवार दोपहर मिशन चर्च ग्राउंड के पास रेलवे ट्रैक (railway track) पर चाइनीज मांझे से बंधी पतंग रेलवे की हाई वोल्टेज विद्युत लाइन में फंस गई। तेज हवा के कारण पतंग काफी देर तक तारों में उलझी रही और इसी दौरान दोनों हाई वोल्टेज तार आपस में टकरा गए, जिससे जोरदार धमाका (ब्लास्ट) हुआ। धमाके के बाद एक तार टूटकर (Blast breaks high-voltage wire) सीधे रेलवे ट्रैक पर आ गिरा।

इसी दौरान कानपुर की ओर जा रही छपरा एक्सप्रेस ट्रैक पर आती दिखाई दी। हालात की गंभीरता को भांपते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने लाल कपड़ा दिखाकर ट्रेन को समय रहते रोक दिया, जिससे एक भीषण रेल हादसा टल गया। लोगों की सूझबूझ से सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई। तार टूटकर ट्रैक पर लटकते ही अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद छपरा एक्सप्रेस करीब दो घंटे तक मौके पर खड़ी रही, जिससे कानपुर रूट पर लगभग दो घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह बाधित रहा। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में सुरक्षा कारणों से छपरा एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर वापस किया गया।

मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चाइनीज मांझा फंसने के कारण तार आपस में भिड़े, जिससे ब्लास्ट हुआ।

इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जबकि योगी आदित्यनाथ द्वारा चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं, इसके बावजूद जिले में इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कड़ी और निरंतर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह लापरवाही भविष्य में किसी बड़े और अपूरणीय हादसे का कारण बन सकती है। अब देखना यह है कि इस गंभीर घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस वास्तव में सख्त कदम उठाती है, या फिर यह मामला भी पहले की तरह चेतावनी बनकर ही रह जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article