-इलाके में दहशत और सियासी हलचल तेज
गोरखपुर| चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेता राजकुमार चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने बेहद क्रूरता के साथ वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि राजकुमार चौहान पर 50 से 60 बार चाकू से वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सके।
राजकुमार चौहान क्षेत्र में एक सक्रिय राजनीतिक चेहरा माने जाते थे, ऐसे में इस हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद बरगदवा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग भय और आक्रोश में हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लगातार गश्त बढ़ा दी गई है।


