17.3 C
Lucknow
Sunday, February 22, 2026

भाजपा बेईमानी और भ्रष्टाचार पर उतारू: अखिलेश

Must read

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा बेईमानी पर उतारू है और उसने उत्तर प्रदेश को लूट लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता को गुमराह करने के लिए भाजपा मंत्रिमंडल विस्तार जैसे कदम उठा रही है।

मंगलवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की विफलताओं के कारण उसका जाना तय है और वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर लोकतंत्र का भविष्य निर्भर है। पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पूरी मजबूती से काम करना होगा, ताकि भाजपा के षड्यंत्रों को विफल किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है।

उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए गंभीरता से काम करें और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय का राज स्थापित किया जाएगा। सभी वर्गों को सम्मान और न्याय मिलेगा तथा प्रदेश के विकास को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों को जनता आज भी याद करती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article