शमशाबाद (फर्रुखाबाद): शमशाबाद नगर में अज्ञात चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाकों से भी बाइक चोरी (Bike stolen) की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला शमशाबाद थाना (Shamshabad Police Station) चौराहे का है, जहां बुधवार को चोरों ने कुछ ही मिनटों में एक बाइक पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने शमशाबाद थाना पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित पुष्पेंद्र कुमार पुत्र शंकर लाल अपने पिता शंकर लाल के साथ आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए बाइक से शमशाबाद बाजार आए थे। इस दौरान वह मीना दरवाजे के पास स्थित एक शू मर्चेंट की दुकान पर जूता सिलवाने लगे और पास ही बाइक खड़ी कर दी। कुछ समय बाद जब वह पीछे मुड़े तो बाइक मौके से गायब थी।
बाइक न मिलने पर पीड़ित के होश उड़ गए। उसने आनन-फानन में परिचितों को सूचना दी और आसपास काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन बाइक का कहीं कोई पता नहीं चला। अंततः थक-हारकर पीड़ित ने शमशाबाद थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी और चोरी गई बाइक की बरामदगी के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शमशाबाद नगर में इन दिनों बाइक चोर सक्रिय हैं और लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इससे एक ओर जहां आम जनता परेशान है, वहीं दूसरी ओर यह स्थिति पुलिस प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बनती जा रही है। थाना चौराहे जैसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके से दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक अज्ञात चोरों को पकड़कर बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगा पाती है।


