शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम बेला सराय में रविवार को धूल और मिट्टी से सने मार्ग पर बाइक फिसलने से एक सफाई कर्मी घायल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के पास संचालित ईंट भट्ठे से निकलने वाली मिट्टी और धूल के कारण सड़क पर अक्सर फिसलन बनी रहती है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार लोग इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रोशनाबाद निवासी सफाई कर्मी मिट्ठू लाल रविवार को बाइक से गांव में सफाई कार्य के लिए जा रहे थे। गांव के मुख्य मार्ग के पास स्थित एक ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्राली के जरिए मिट्टी ढोई जाती है। इस दौरान अक्सर मिट्टी सड़क पर गिर जाती है, जिससे मार्ग पर फिसलन हो जाती है। रविवार को भी जब सफाई कर्मी उक्त स्थान से गुजर रहे थे, तभी बाइक अचानक फिसल गई और वह गिरकर घायल हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के कारण सड़क पर पड़ी मिट्टी और भी अधिक खतरनाक हो गई है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। लोगों के अनुसार इस मार्ग से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित कंपोजिट विद्यालय के बच्चे भी रोजाना गुजरते हैं और उन्हें भी धूल-मिट्टी और फिसलन का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि ईंट भट्ठे के मालिक से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि भट्ठे से निकलने वाला जहरीला धुआं पर्यावरण को प्रदूषित कर रहा है और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
बताया गया है कि आगामी 17 मार्च को जिलाधिकारी फर्रुखाबाद का विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम बेला सराय गजा स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण प्रस्तावित है। जिलाधिकारी के दौरे को देखते हुए गांव में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सरकारी अमला भी गांव में पहुंचकर समस्याओं के निस्तारण में जुटा हुआ है और पूरे गांव को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारियां चल रही हैं।


