मैनपुरी। जनपद के करहल कस्बे में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। नवीन गल्ला मंडी से सब्जी खरीदकर दुकान जा रहे एक सब्जी विक्रेता को बाइक सवार दो युवकों ने रास्ता रोककर गोली मार दी। गोली पैर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार करहल क्षेत्र के गांव एमनपुर निवासी दशरथ सिंह कस्बा करहल में सब्जी की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह रोज की तरह नवीन गल्ला मंडी (किरथुआ मंडी) से सब्जी खरीदकर अपनी मोपेड से दुकान की ओर लौट रहे थे। जब वह सैफई बाइपास के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनका रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने पहले दशरथ सिंह को गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उन्होंने गाली देने का कारण पूछा तो पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। गोली सीधे उनके पैर में लगी, जिससे वह मोपेड समेत सड़क पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से किशनी की दिशा में फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही करहल इंस्पेक्टर महाराज सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल उपचार के लिए पीजीआई सैफई भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। स्थानीय लोगों में इस वारदात को लेकर दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े खुलेआम गोली चलने की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


