एटा। जनपद के सकरौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोषपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सकरौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और घायल अधेड़ को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान राकेश (30 वर्ष) पुत्र कालीचरण निवासी क्षेत्र के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति प्रेमपाल (52 वर्ष) पुत्र बिहारीलाल हैं। दोनों चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
मृतक के परिजन राजू ने बताया कि राकेश और उसके चाचा प्रेमपाल किसी काम से बाइक से महापुर गए थे। वहां वे पैसों के लेन-देन के सिलसिले में पहुंचे थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोषपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार वाहन चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


