– 20 घंटे बाद भी नहीं सुधरी लाइन
नवाबगंज (फर्रुखाबाद)।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के सितवनपुर पिथू गांव में शनिवार सुबह करीब 6 बजे बंच केबल जल जाने से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इस घटना से 63 केवीए ट्रांसफार्मर से जुड़े लगभग 70 घरों में अंधेरा छाया हुआ है।
यह लाइन बबना बिजली घर से जुड़े सीपी ग्रामीण फीडर के अंतर्गत आती है। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन करीब 20 घंटे बीत जाने के बावजूद केबल की मरम्मत नहीं हो सकी।
इस संबंध में जेई दीपक राम ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी और आपके माध्यम से उन्हें सूचना मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि लाइनमैन को भेजकर जल्द ही बंच केबल ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि सर्दी के मौसम में लंबे समय तक बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।






