लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली बिल राहत योजना को गति देने के लिए पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को आयोजित विद्युत निगमों की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां भी योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलेगी, वहां संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जाएगी।
समीक्षा बैठक में एमडी ने ‘नेवर पेड’ यानी ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने कभी बिजली बिल जमा नहीं किया, उनके कम रजिस्ट्रेशन पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से कम रजिस्ट्रेशन हुआ है, वहां तैनात सभी जिम्मेदार कार्मिकों से स्पष्टीकरण लिया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अधिकतम उपभोक्ताओं तक पहुंचाना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
एमडी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बकाएदार उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें और एक-एक उपभोक्ता से मिलकर बकाया धनराशि जमा कराने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाए बिना लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने और नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए।
बिजली चोरी के मामलों में कम रजिस्ट्रेशन पर भी एमडी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जहां चोरी के प्रकरण दर्ज करने में लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घाटे में चल रहे फीडरों की स्थिति सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइन लॉस कम करना और राजस्व बढ़ाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया। एमडी ने कहा कि सुरक्षा के मामले में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। बिना सुरक्षा उपकरण पहने किसी भी कर्मचारी से अनुरक्षण कार्य न कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन कराएं।
प्रबंध निदेशक ने दोहराया कि विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई से ही उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय के साथ काम करने को कहा।






