फर्रुखाबाद।
भोलापुर क्षेत्र में रविवार को केबल बॉक्स फुंकने से बिजली आपूर्ति करीब 9 घंटे तक ठप रही, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। शाम करीब 5 बजे गई बिजली देर रात लगभग 2 बजे बहाल हो सकी। इस दौरान आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा और लोग भीषण गर्मी में परेशान होते नजर आए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गर्मी के मौसम में प्रदेश में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद फर्रुखाबाद में इतनी लंबी कटौती ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिजली विभाग की ओर से पहले बताया गया था कि रात 12 बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन तय समय पर बिजली नहीं आई। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। अंततः देर रात 2 बजे सप्लाई शुरू हो सकी, तब जाकर लोगों को राहत मिली।
लंबे समय तक बिजली न रहने के कारण घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। लोगों को अंधेरे में ही शाम और पूरी रात गुजारनी पड़ी। उमस भरी गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली कटौती का असर पानी की आपूर्ति पर भी पड़ा। मोटर और पंप बंद रहने से लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ा और दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।


