मुंबई: Bigg Boss 19 में दिनोंदिन विवाद और गरमागरम बहसें बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में घर में नेपोटिज्म को लेकर अमाल मलिक (Amaal Malik) और गौरव खन्ना के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बहस के दौरान अमाल का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने खुद को ‘रिवर्स नेपोटिज्म’ का प्रोडक्ट बताते हुए अपने पिता डब्बू मलिक को ‘फेलियर’ तक कह दिया। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
मामला तब शुरू हुआ जब अमाल और गौरव नेपोटिज्म और इंडस्ट्री में इंसाइडर–आउटसाइडर मुद्दे पर बहस करने लगे। गौरव का कहना था कि जहां अमाल का संघर्ष शुरू होता है, वहीं बाकी कलाकारों की आकांक्षाएं जन्म लेती हैं। इसके जवाब में अमाल ने कहा कि उनके भाई और मां भी आम लोगों की तरह संघर्ष करते आए हैं और उन्हें कोई विशेष सुविधा नहीं मिली।
गौरव ने आगे तर्क दिया कि मलिक परिवार की फिल्मी विरासत ने अमाल के लिए सलमान खान जैसे स्टार से मिलना आसान कर दिया, जबकि दूसरों को ऐसा मौका हासिल करने में वर्षों लग सकते हैं। अमाल ने इस तर्क को स्वीकार करने से इनकार करते हुए कहा कि हर कलाकार का संघर्ष एक जैसा होता है और हर किसी को अपनी जगह खुद बनानी पड़ती है।
इस दौरान मालती चाहर ने भी बहस में दखल देते हुए कहा कि हर व्यक्ति का संघर्ष अलग होता है और इसकी तुलना किसी से नहीं की जानी चाहिए। लेकिन अमाल अपने बयान पर अड़े रहे और विवादित टिप्पणी करते हुए बोले कि उनके पिता को कभी अनु मलिक का सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा, “हम रिवर्स नेपोटिज्म के प्रोडक्ट हैं। डब्बू मलिक फेलियर थे, और मुझे इसे स्वीकार करने में कोई दिक्कत नहीं है।”
अमाल का यह बयान सुनकर घरवालों सहित दर्शक भी हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूज़र्स ने उन्हें अपने ही पिता का अपमान करने वाला बताया। एक यूज़र ने लिखा, “अपनी ही फैमिली की इज्जत उतारकर आप खुद को साबित करना चाहते हैं—ये शर्मनाक है।” दूसरे कमेंट में लिखा गया, “आपको अपनी सफलता पर नहीं, बल्कि पिता को फेलियर कहने पर शर्म आनी चाहिए।”
कुछ दर्शकों ने यह भी कहा कि अमाल अपनी उपलब्धियों को साबित करने के लिए खुद के परिवार को नीचा दिखा रहे हैं, जो कहीं से भी उचित नहीं लगता। सोशल मीडिया पर यह बयान अब भी चर्चा का विषय बना हुआ है और अमाल मलिक लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। बिग बॉस 19 का माहौल जहां फिनाले नजदीक आने के साथ और अधिक बिगड़ता जा रहा है, वहीं इस विवाद ने शो की बहसों में एक और नया मोड़ जोड़ दिया है।


