नई दिल्ली| गुजरात के राजकोट जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के लगातार झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। जेतपुर, धोराजी, उपलेटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में एक के बाद एक सात बार धरती कांपी, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इन झटकों से कहीं भी किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (आईएसआर) के अनुसार, सबसे तेज भूकंप का झटका सुबह 6 बजकर 19 मिनट पर महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 दर्ज की गई। इसके बाद सुबह 8 बजकर 34 मिनट तक कुल सात भूकंपीय झटके रिकॉर्ड किए गए। इन झटकों की तीव्रता 2.7 से 3.2 के बीच रही, लेकिन बार-बार धरती हिलने के कारण लोगों में भय का माहौल बना रहा।
भूकंप के झटकों के दौरान जेतपुर, धोराजी और उपलेटा क्षेत्र में कई लोग नींद से जाग गए और घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीण इलाकों में लोग सड़कों और खेतों में इकट्ठा होकर स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे। एहतियात के तौर पर स्थानीय प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आईएसआर की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी भूकंपों का केंद्र उपलेटा से लगभग 27 से 30 किलोमीटर दूर पूर्व-उत्तरपूर्व दिशा में स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन के अंदर 6.1 किलोमीटर से 13.6 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले गुरुवार रात करीब 8 बजकर 43 मिनट पर भी इसी क्षेत्र में 3.3 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था, जिससे आशंका और बढ़ गई।
लगातार आ रहे झटकों के चलते प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर रहीं। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।






