तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, 85 वर्षीय बुजुर्ग समेत चार लोग एक घंटे तक फंसे रहे, दमकलकर्मियों ने बचाई जान

0
37

लखनऊ। राजधानी के चिनहट क्षेत्र में मटियारी तिराहा सोमवार रात अफरातफरी के माहौल में बदल गया, जब एक तीन मंजिला इमारत के भूतल पर स्थित परचून की दुकान में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट ने भीषण आग का रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग इतनी विकराल हो गई कि उसने बगल की मिठाई की दुकान और इमारत के दूसरे तल तक को अपनी जद में ले लिया। इस हादसे में दूसरे तल पर रह रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग अपने तीन बेटों के साथ करीब एक घंटे तक धुएं और लपटों के बीच फंसे रहे। दमकलकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर चारों को सुरक्षित बाहर निकाला।

मटियारी तिराहा निवासी अवधेश अवस्थी की यह तीन मंजिला इमारत इलाके का प्रमुख भवन है। इसके भूतल पर अवस्थी किराना स्टोर के नाम से उनकी दुकान चलती है, जबकि ऊपर की मंजिल पर उनके तीन बेटे और 85 वर्षीय पिता रहते हैं। सोमवार रात अवधेश दुकान बंद कर अपने किसी काम से बाहर गए थे। रात लगभग 10:45 बजे अचानक तेज धमाका हुआ और दुकान के अंदर से आग की लपटें निकलने लगीं।

धमाका सुनकर पड़ोसी अयोध्या प्रसाद यादव बाहर आए और धुआं उठता देख पास में रहने वाले दुकानदार के कर्मचारियों को तुरंत सूचना दी। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी, जबकि स्थानीय लोग खुद भी आग बुझाने में जुट गए। लेकिन आग इतनी तेजी से फैलती गई कि थोड़ी ही देर में उसने बगल की मिठाई की दुकान के साथ इमारत के दूसरे तल को भी चपेट में ले लिया।

दूसरे तल पर सो रहे बुजुर्ग और तीनों बेटे धुएं की तीव्रता और बढ़ती गर्मी महसूस होने पर जागे। जब वे कमरे से बाहर निकले तो सीढ़ियों और आसपास धुएं का सैलाब और लपटें देखकर भयभीत हो उठे। बाहर जाने का कोई रास्ता न होने पर सभी पूरी तरह फंस गए। इसी दौरान गोमतीनगर के एफएसओ सुशील यादव छह दमकल गाड़ियों और टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

धुआं इतना घना था कि दमकलकर्मियों को गहरी सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बावजूद उन्होंने ब्रीथिंग ऑपरेटर सेट पहनकर अंदर प्रवेश किया और कठिन परिस्थितियों के बीच बुजुर्ग सहित चारों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक बजे आग पूरी तरह काबू में लाई जा सकी।

एफएसओ सुशील यादव ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी और समय पर सूचना मिलने से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने राहत जताई कि इस भीषण आग में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि परचून की दुकान और बगल की मिठाई की दुकान का भारी नुकसान हुआ है।
यह घटना एक बार फिर आग सुरक्षा मानकों और वायरिंग की नियमित जांच की आवश्यकता को रेखांकित करती है, विशेषकर घनी आबादी और व्यावसायिक क्षेत्रों में।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here