बारात से लौट रही कार की डंपर से भीषण टक्कर, आढ़ती की दर्दनाक मौत, सात गंभीर घायल

0
32

मां बाप का एकलौता सहारा छिना, 1 फरवरी को होनी थी शादी शहनाई की जगह उठी अर्थी

पांच की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर

फर्रुखाबाद। बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसे में विवाह समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से टकरा गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार एक आढ़ती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से पांच की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अमृतपुर निवासी धर्मेंद्र चौहान के पुत्र पुष्पेंद्र सिंह की बारात कन्नौज जनपद के छिबरामऊ गई थी। उसी बारात में गांव के ही आकाश गुप्ता (28) पुत्र राजेश गुप्ता, अंकित (18) पुत्र राममोहन, अजय (22), अवधेश सिंह (40) पुत्र छबिनाथ सिंह, जयवीर सिंह (50) पुत्र छबिनाथ, कार चालक विजय (30) पुत्र रक्षपाल, यदुवीर सिंह (45) पुत्र जगजीत सिंह निवासी कुम्हरौर तथा हरिओम (25) पुत्र शत्रुघन निवासी ककरकढ़ा, मिर्जापुर शाहजहांपुर शामिल होकर कार से वापस लौट रहे थे।
देर रात लगभग 12:30 बजे जब वे इटावा–बरेली हाईवे से गुजर रहे थे, तभी थाना कादरी गेट क्षेत्र के ग्राम चाँदपुर स्थित बीआरएस लॉन के सामने सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस व एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आकाश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि मृतक आकाश गांव में ही आढ़त का कार्य करता था। उसकी शादी आगामी 1 फरवरी को होने वाली थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि उसकी दो बहनों का विवाह पहले ही हो चुका है। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। जैसे ही परिजनों को मौत की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। मृतक की मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं।
हादसे में घायल हुए सात लोगों में से पांच की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। शेष दो घायलों का इलाज लोहिया अस्पताल में जारी है।
मौके पर पहुंचे मोहित मिश्रा (पांचाल घाट चौकी प्रभारी) ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here