– भीड़ नियंत्रण और आपात हालात में सबसे आगे रहने वाले पी ए सी बल को प्रमोशन में अन्याय, सांसद ने मुख्यमंत्री से माँगा न्याय
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के पी ए सी जवानों के प्रमोशन विवाद ने राजनीतिक सुर्खियां बटोर ली हैं। इस मामले में भीम आर्मी के संस्थापक और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पी ए सी जवानों को सिविल पुलिस के समान प्रमोशन देने की मांग की है।
सांसद चंद्रशेखर ने पत्र में कहा कि पी ए सी बल हमेशा दंगे, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थितियों में सबसे आगे रहता है, लेकिन प्रमोशन और कैरियर में उन्हें सिविल पुलिस की तुलना में पीछे रखा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि जब सिविल पुलिस के 1994 बैच तक के मुख्य आरक्षियों को SI पद पर प्रमोट किया जा चुका है, तो पीएसी बल के 1984 बैच के मुख्य आरक्षियों का प्रमोशन क्यों लंबित है।
सांसद चंद्रशेखर ने कहा, “पीएसी’ जवान राज्य की सुरक्षा में लगातार अपने प्राणों की बाजी लगाते हैं। उन्हें सिविल पुलिस के समान सम्मान और प्रमोशन मिलना चाहिए।”
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मुख्यमंत्री इस पत्र पर ध्यान देते हैं और पी ए सी जवानों को समान प्रमोशन मिलता है, तो यह बल के मनोबल को बढ़ाएगा और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा।
इस पत्र के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस मुद्दे पर कार्रवाई होने से उत्तर प्रदेश पुलिस में समानता और पारदर्शिता बढ़ेगी।


