फर्रुखाबाद। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों की मदद को आगे आते हुए भारत विकास परिषद महीयसी शाखा ने सेवा प्रकल्प के तहत सराहनीय पहल की। परिषद की ओर से सर्द मौसम में राहगीरों, श्रमिकों और चौक-चौराहों पर कार्यरत लोगों को गर्म चाय और बिस्कुट वितरित किए गए, जिससे ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
रविवार प्रातः काल परिषद के पदाधिकारी और सदस्य त्रिपोलिया चौक पर एकत्र हुए। शाखा सदस्य आदर्श मिश्रा की दुकान के सामने सुबह से ही चाय वितरण का कार्यक्रम शुरू किया गया। शीतलहर के चलते तापमान काफी नीचे था, ऐसे में राजमिस्त्री, दिहाड़ी मजदूर, दुकानदार और राहगीर ठंड से ठिठुरते नजर आए। परिषद सदस्यों ने सभी को गर्म चाय पिलाकर और बिस्कुट देकर सेवा भाव का परिचय दिया।
चाय की चुस्कियों के साथ बिस्कुट पाकर लोगों के चेहरों पर सुकून और संतोष साफ दिखाई दिया। कई राहगीरों ने परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में ऐसी छोटी-सी मदद भी बड़ी राहत बन जाती है। परिषद के सदस्यों ने स्वयं आगे बढ़कर लोगों को चाय वितरित की और हालचाल भी जाना।
इस सेवा प्रकल्प में परिषद के अभिषेक श्रीवास्तव, आशीष शर्मा, सौरभ गुप्ता, आलोक रायजादा, अर्चना चतुर्वेदी, देव कुमार शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि सामाजिक सेवा केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत के समय किए गए छोटे प्रयास भी समाज के लिए बड़ी मिसाल बन सकते हैं।
भारत विकास परिषद महीयसी शाखा ने आगे भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया है। अधिक सर्दी को देखते हुए परिषद द्वारा सोमवार को सायं 5.00 बजे से 6.00 बजे तक फतेहगढ़ चौराहे स्थित मुकेश सक्सेना के आवास पर पुनः चाय और बिस्कुट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संस्था के प्रांतीय पदाधिकारी आलोक रायजादा ने बताया कि परिषद का उद्देश्य जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना है। सर्दी के मौसम में ऐसे सेवा प्रकल्प लगातार चलाए जाएंगे, ताकि समाज के कमजोर वर्गों को राहत मिल सके। परिषद की इस पहल की शहरवासियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।






