– मुआवजा, बांध निर्माण और खाद उपलब्धता की मांग, चेतावनी—नहीं मिली राहत तो होगा धरना
फर्रुखाबाद: भारतीय किसान यूनियन स्वराज (Bhakiyu Swaraj) के प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना के नेतृत्व में मंगलवार को जनपद Farrukhabad की टीम ने टिलिया सलेमपुर के नीचे गंगा तराई क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। टीम ने प्रभावित किसानों (farmers) से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
भाकियू स्वराज ने जिलाधिकारी से मांग की है कि बाढ़ पीड़ित किसानों को शीघ्र राहत पहुंचाई जाए, बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए, ढाईघाट शमसाबाद से लेकर बहबलपुर मिस्तनी तक बांध का निर्माण कराया जाए, सिंचाई विभाग के भ्रष्ट जेई को हटाया जाए और जिन किसानों की फसलें बची हुई हैं उन्हें खाद-यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो जनपद में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना, जिला महामंत्री मंजेश यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह गंगवार, जिला सचिव रामवीर, मीडिया प्रभारी विनीत सक्सेना, महिपाल सिंह, अनुज सक्सेना, जसवंत सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


