भगवान शिव की भव्य बारात में उमड़ा जनसैलाब, झांकियों ने मोहा मन

0
60

फर्रुखाबाद। शहर के मुख्य मार्ग बुधबार की रात भक्तिमय माहौल में तब्दील हो गए, जब भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। श्री मधु रामलीला मंडल, बीबीगंज द्वारा ठंडी सड़क से निकाली गई इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह बजरंग दल कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। छतों और खिड़कियों से भी लोग बारात के दिव्य नजारे का आनंद लेने के लिए उमड़ पड़े।

भव्य बारात में कुल 27 झांकियां शामिल थीं। भगवान गणेश, बजरंगबली हनुमान, मां दुर्गा, मां काली, मां सरस्वती और खाटू श्याम की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें काली जी का अखाड़ा विशेष रूप से दर्शकों का ध्यान खींचता रहा, वहीं भूत-पिशाचों की झांकी भी लोगों को आकर्षित करती दिखी।

डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों की धुन पर युवा श्रद्धालु थिरकते हुए बारात में शामिल रहे। शोभायात्रा के सबसे पीछे दूल्हा बने भगवान भोलेनाथ की झांकी थी, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। मुख्य मार्गों और दुकानों के बाहर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जबकि फुटपाथों पर खिलौनों और खेलकूद के स्टॉल भी लगाए गए थे।

पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से कार्यक्रम का आनंद ले सकें। यह भव्य बारात रेलवे रोड, चौक सहित विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए बीबीगंज स्थित लीला स्थल तक पहुंची। लीला स्थल पर भगवान शिव के विवाह की कथा का मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here