प्रयागराज। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने बरेली हिंसा मामले में आरोपी मौलाना तौकीर रजा की जमानत याचिका पर 24 फरवरी को सुनवाई की तिथि निर्धारित की है। प्रकरण को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर पहले से ही हलचल बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार 26 सितंबर 2025 को बरेली में उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। उस समय क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू थी, बावजूद इसके भीड़ मौके पर डटी रही। पुलिस द्वारा बार-बार चेतावनी देने और समझाने के प्रयासों को भीड़ ने नजरअंदाज कर दिया। लोग आगे बढ़ने पर अड़े रहे और हालात तनावपूर्ण हो गए।
आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस बल पर ईंट-पत्थर और एसिड से भरी बोतलें फेंकीं। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी भी की गई, जिसमें कई जवान घायल हो गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की थी। अब जमानत याचिका पर उच्च न्यायालय में सुनवाई होनी है। इस मामले की अगली तारीख को लेकर प्रशासन और आमजन की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं, क्योंकि इसका प्रभाव प्रदेश की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक माहौल पर पड़ सकता है।





