यूथ इंडिया संवाददाता
बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण (Bareilly Development Authority) (बीडीए) शहर को एक नई आधुनिक पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। कोयंबटूर मॉडल पर आधारित अत्याधुनिक मीडिया टावर (first media tower) का निर्माण बरेली में किया जाएगा, जिसे उत्तर प्रदेश का पहला मीडिया टावर बताया जा रहा है। यह टावर सूचना प्रसारण का सशक्त माध्यम बनने के साथ-साथ शहर के सौंदर्य में भी उल्लेखनीय इजाफा करेगा।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, यह महत्वाकांक्षी परियोजना रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर-7 में प्रस्तावित है, जिस पर करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मीडिया टावर को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि यह शहर का नया लैंडमार्क बन सके और दूर से ही लोगों का ध्यान आकर्षित करे।
अधिकारियों ने बताया कि टावर में सिंगापुर के प्रसिद्ध ‘गार्डन बाय द वे’ पार्क से प्रेरित ढलान वाली एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जाएगी। 11 मीटर ऊंचे टावर में लगभग आठ मीटर क्षेत्र को डिस्प्ले के लिए विकसित किया जाएगा, जहां विभिन्न जनसूचनाएं, कार्यक्रमों की जानकारी और शहरी संदेश प्रदर्शित किए जा सकेंगे।
मीडिया टावर में करीब पांच हजार अत्याधुनिक एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी, जिनमें लाखों रंगों का संयोजन होगा। रात के समय एलईडी लाइट्स की झिलमिलाहट से टावर आकर्षक दृश्य प्रस्तुत करेगा और शहर की रात्रिकालीन खूबसूरती को नया आयाम देगा। तकनीकी रूप से यह टावर पूरी तरह सक्षम होगा और लंबे समय तक संचालन के लिए तैयार किया जाएगा।
बीडीए का दावा है कि इस मीडिया टावर के निर्माण से बरेली की छवि एक आधुनिक, स्मार्ट और तकनीक-अनुकूल शहर के रूप में और मजबूत होगी। साथ ही यह परियोजना पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है।


