लखनऊ| लखनऊ होकर चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हाईस्पीड और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ये ट्रेनें यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी। रेलवे की योजना के अनुसार लखनऊ के रास्ते कुल पांच रूटों पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनमें पटना, जयपुर, मुंबई, जम्मू और दिल्ली रूट शामिल हैं। पहले चरण में मुंबई और पटना रूट पर इन ट्रेनों को उतारने की तैयारी है। रेलवे सूत्रों का कहना है कि संचालन से जुड़े प्रस्ताव उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों द्वारा तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें जल्द ही रेलवे बोर्ड और संबंधित जोनल मुख्यालयों को भेजा जाएगा। यदि सब कुछ तय समय पर हुआ तो तीन महीने के भीतर इन ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकता है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली से वाराणसी वाया लखनऊ, लखनऊ से पटना, मुंबई और जयपुर तथा अयोध्या से जम्मू वाया लखनऊ वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के संचालन का खाका तैयार किया गया है। इन रूटों पर ट्रेनें चलने से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ देश के प्रमुख शहरों से और बेहतर कनेक्ट हो जाएगी। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब रातभर की यात्रा में तेज रफ्तार, आधुनिक सुविधाएं और अधिक सुरक्षा मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में दो वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी, जिनमें मुंबई और पटना रूट शामिल होंगे। शेष रूटों पर ट्रेनें छह से आठ महीने के भीतर शुरू किए जाने की संभावना है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जिससे यात्रा समय में काफी कमी आएगी। ट्रेन में स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’, फायर सेफ्टी सिस्टम, एआई आधारित निगरानी कैमरे, सेंसरयुक्त दरवाजे और आधुनिक ड्राइवर केबिन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। यात्रियों की स्वच्छता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष कीटाणुनाशक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे 99.9 प्रतिशत कीटाणु नष्ट हो सकेंगे। इसके अलावा इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 823 यात्रियों के सफर की व्यवस्था होगी। इसमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल रहेगा। थर्ड एसी में 611, सेकंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 यात्रियों के सफर की क्षमता होगी। रेलवे का मानना है कि इन ट्रेनों के शुरू होने से लखनऊ समेत पूरे क्षेत्र के यात्रियों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक रेल यात्रा का नया अनुभव मिलेगा।





