सांसद मुकेश राजपूत ने शून्यकाल में उठाया मुद्दा
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा प्रस्ताव, फर्रुखाबाद के तीर्थों का भी किया उल्लेख
नई दिल्ली/फर्रुखाबाद।
लोकसभा सत्र के शून्यकाल में फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने क्षेत्र और प्रदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा अहम मुद्दा उठाते हुए रेल मंत्री से मथुरा से अयोध्या तक वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने की मांग रखी। सांसद ने कहा कि मथुरा की धार्मिक महत्ता और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद बढ़ रही आस्था को देखते हुए यह ट्रेन यात्रा भक्तों के लिए अत्यंत सुविधाजनक साबित होगी।
सांसद राजपूत ने अपनी मांग में फर्रुखाबाद की धार्मिक विरासत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में संकिसा भगवान महावीर का तीर्थ, तथा राजा द्रुपद की प्राचीन राजधानी जैसे ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यदि मथुरा-अयोध्या वंदे भारत ट्रेन को कन्नौज–कानपुर होते हुए फर्रुखाबाद मार्ग से चलाया जाए तो इन सभी तीर्थ यात्रियों को तीव्र, आरामदायक और आधुनिक रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मुकेश राजपूत ने कहा कि यह ट्रेन न केवल धार्मिक पर्यटन को गति देगी, बल्कि मध्य यूपी क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से यह भी उल्लेख किया कि फर्रुखाबाद का नेतृत्व वर्तमान में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी कर रहे हैं, जो स्वयं फर्रुखाबाद के मूल निवासी हैं। इसलिए यह प्रस्ताव ज़मीनी स्तर पर भी मजबूत आधार रखता है।
सांसद ने विश्वास जताया कि रेल मंत्रालय इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगा, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को मथुरा से राम जन्मभूमि अयोध्या तक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।





