कहा– हवा साफ नहीं, रोजगार नहीं, बजट सिर्फ 5 फीसदी लोगों के लिए
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बजट, पर्यावरण, सामाजिक न्याय, किसानों की आय और विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज दुनिया के सबसे बड़े मंच पर यह सवाल उठ रहा है कि “भारत की हवा तक ठीक नहीं है, जिससे जानें जा रही हैं और निवेश भी नहीं आ रहा।” उन्होंने इसे सरकार की सबसे बड़ी नाकामी बताया और कहा कि खराब पर्यावरण सीधे जनता की सेहत और देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहा है।
“बजट 5 फीसदी लोगों के लिए”
बजट को लेकर सपा अध्यक्ष ने कहा कि “जिस सरकार से कोई उम्मीद नहीं, उसके बजट से क्या उम्मीद की जाए। यह बजट 1/20 यानी सिर्फ 5 प्रतिशत लोगों के लिए बनता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता, किसान, मजदूर और युवा इस बजट से पूरी तरह बाहर हैं।
धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा,
“जिन राम जी को देखकर हमने रामायण समझी, उन्हें आप आखिरी बेंच पर बैठा रहे हैं। अगर आप सच्चे राम भक्त हैं तो उन्हें प्रधानमंत्री के बगल में बैठाइए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राम के नाम पर राजनीति कर रही है, सम्मान नहीं दे रही।
“बजट से गरीब की तरक्की नहीं”
अखिलेश यादव ने कहा कि
“भाजपा बजट के जरिए अपने लोगों को सेट करती है, उनका मुनाफा और तरक्की कैसे हो, यही सोचती है। अच्छा बजट वह होता है जिससे गरीब की तरक्की हो और उसके चेहरे पर मुस्कान आए।”
उन्होंने कहा,
“यह भगवान की कृपा है कि हवा चल गई और पानी बरस गया, वरना हम और आप यहां खड़े होकर सांस भी नहीं ले पाते।”
इस बयान के जरिए उन्होंने प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण में सरकार की विफलता को उजागर किया।
सपा प्रमुख ने सवाल उठाया,
“क्या इस महंगाई में किसान की आय दोगुनी हो गई? क्या युवाओं को रोजगार मिल रहा है? सामाजिक न्याय के नाम पर आप लगातार झूठ बोल रहे हैं, सरकार के पास इसका क्या जवाब है?”
उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि
“मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र में मेट्रो नहीं बनने दी, अपने गृह जनपद में भी नहीं बनाई। अटल जी के गांव में इन्होंने कौन सा विकास कर दिया?”
अखिलेश यादव के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बजट और विकास को लेकर सरकार बनाम विपक्ष की सियासी जंग और तीखी होती नजर आ रही है।






