वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 9वीं बार रखेंगी बजट, व्यापारियों को बड़ी राहत की उम्मीद
नई दिल्ली। देश की आर्थिक दिशा तय करने वाला आम बजट कल संसद में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करेंगी। बजट से पहले देशभर के व्यापारियों, खासकर उत्तर प्रदेश के कारोबारी वर्ग में काफी उम्मीदें देखी जा रही हैं।
व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा समय में बाजार कई चुनौतियों से जूझ रहा है। विशेष रूप से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से सर्राफा कारोबार प्रभावित हुआ है। महंगे दामों के कारण ग्राहकी कमजोर पड़ी है, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।
व्यापारी संगठनों की ओर से सरकार से मांग की जा रही है कि महिला व्यापारियों को कर में विशेष राहत दी जाए, ताकि महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही पार्टनरशिप फर्मों पर लगने वाले कर की दरों में कमी की भी मांग उठ रही है। व्यापारियों का मानना है कि टैक्स में राहत मिलने से न सिर्फ कारोबार को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बजट को लेकर छोटे और मध्यम व्यापारियों की नजरें खासतौर पर कर ढांचे में सरलता, ऋण सुलभता और व्यापारिक लागत कम करने से जुड़े प्रावधानों पर टिकी हैं। उनका कहना है कि यदि सरकार इस वर्ग को राहत देती है, तो बाजार में दोबारा रौनक लौट सकती है।
अब सभी की निगाहें संसद में पेश होने वाले आम बजट पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व्यापारियों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती हैं और यह बजट आम आदमी के साथ-साथ कारोबारी वर्ग को कितनी राहत दे पाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here