प्रदेश में बढ़ती सर्दी: पछुआ हवाओं से गिरेगा तापमान, कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

0
26

लखनऊ। प्रदेश में ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी और पछुआ हवाओं के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट का दौर जारी है। आगामी 2 से 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस तक की और कमी दर्ज की जा सकती है, जिससे सर्दी का एहसास और बढ़ेगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाभर-तराई क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों के दौरान घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है, जहां दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सीमित रह सकती है। वहीं पूर्वी यूपी में सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।

मौसम विभाग की मानें तो 25, 26 और 27 नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ रहने के बावजूद सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। 28 और 29 नवंबर को भी इसी तरह का रुझान रहने का अनुमान है। दिन चढ़ने पर कोहरा छंटने लगेगा, फिर भी दिनभर हल्की धुंध बनी रह सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है, लेकिन पछुआ हवाओं की तीव्रता के चलते वातावरण में शुष्कता और ठंडक तेजी से बढ़ रही है। रविवार की सुबह भी प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सुबह और देर शाम के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सड़क यात्रियों को कोहरे के कारण कम होती दृश्यता को देखते हुए गति नियंत्रित रखने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here