बदायूं सैजनी गांव स्थित एचसीपीएल प्लांट में 12 मार्च को हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में नया अपडेट सामने आया है। कंपनी के अफसर सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा की हत्या के बाद अब हर्षित मिश्रा के परिजनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसआईटी टीम से बरेली में मुलाकात के बाद प्रशासन ने परिजनों की सुरक्षा के लिए पूरी पुलिस गारद तैनात कर दी है।
अब हर्षित मिश्रा के परिवार की सुरक्षा में एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल की टीम तैनात की गई है, जो बारी-बारी से ड्यूटी करेंगे। इससे पहले सुरक्षा में लगे एक कांस्टेबल पर लापरवाही के आरोप पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है।
बुधवार को हर्षित मिश्रा के पिता सुशील मिश्रा, मां रानी मिश्रा, भाई वैभव मिश्रा और पत्नी सुमति मिश्रा ने एसआईटी अधिकारियों से मुलाकात कर कई अहम जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि हर्षित को पहले से ही फोन पर धमकियां मिल रही थीं और उसने कई बार सुरक्षा की मांग भी की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई न होने के कारण यह घटना हुई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था और उन्हें सहयोग देने वाले लोग भी इस हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। पुलिस का कहना है कि एसआईटी जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


