फर्रुखाबाद| कंपिल क्षेत्र में अवैध बालू खनन का एक और मामला सामने आया है। अवैध रूप से बालू लादकर ले जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गया, जिससे ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया। यह हादसा कंपिल–सिवारा मार्ग पर हुआ। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार कंपिल क्षेत्र में बालू और मिट्टी का अवैध खनन लंबे समय से लगातार जारी है। खनन माफिया दिन-रात बिना अनुमति के बालू और मिट्टी निकालकर ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन कर रहे हैं। ये ट्रैक्टर अक्सर तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में खनन माफिया ने अपना नेटवर्क इतना मजबूत कर रखा है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छापेमारी से पहले ही उन्हें सूचना मिल जाती है। इसी कारण छापे के दौरान माफिया मौके से फरार हो जाते हैं और कुछ समय के लिए खनन गतिविधियां रोक दी जाती हैं, जिसके बाद फिर से अवैध खनन शुरू हो जाता है।
वर्तमान में नूरपुर गढ़िया, कंपिल, हरकरनपुर, सिवारा, निजामुदीनपुर, तालफी, नगला गिरधारी और नगला बहलोलपुर सहित कई गांवों में मिट्टी और बालू का अवैध खनन चरम पर है। आरोप है कि खनन माफिया परमिशन के नाम पर भी धोखाधड़ी कर रहे हैं। एक ट्रैक्टर की अनुमति लेकर चार से पांच ट्रैक्टर चलाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि हादसों पर रोक लग सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here