अमेठी
अयोध्या रेंज के आईजी सोमेन वर्मा ने मंगलवार को अमेठी जिले का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन और अमेठी कोतवाली का विस्तृत निरीक्षण किया तथा पुलिस व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जांच प्रक्रिया में तेजी लाने और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
अमेठी कोतवाली में उन्होंने शस्त्रागार, सीसीटीएनएस प्रणाली और महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत में आईजी सोमेन वर्मा पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों से जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्हें अमेठी कोतवाली में गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
निरीक्षण के बाद आईजी ने बताया कि यह एक वार्षिक निरीक्षण था, जिसमें थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि कई व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और सुधार के लिए चर्चा भी हुई।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले का पुलिस लाइन जल्द ही पूरी तरह से शुरू किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मियों की तैनाती थानों में की जा सकेगी और मैनपावर की कमी दूर होगी।


