शाहजहांपुर। आगामी 7 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में जिला कारागार शाहजहांपुर में रविवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और उनके साथ रह रहे बच्चों के टीकाकरण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में भोर फाउंडेशन (एनजीओ) की अध्यक्षा स्वाती सिंह, डॉ. अंजली सरन, श्वेता सक्सेना एवं डॉ. सुरेश मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारियों ने महिला बंदियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, साफ-सफाई और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
इस दौरान अनुकृति नाट्य मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता और बच्चों के टीकाकरण जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे बंदियों ने सराहा। जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस केवल एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर प्रयास का विषय है। उन्होंने महिला बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कारापाल अनिल कुमार विश्वकर्मा सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान, जागरूकता और सशक्तिकरण के संदेश के साथ हुआ।


