– सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्याम नगर में बालिकाओं को दी गई सुरक्षा व सरकारी योजनाओं की जानकारी
फर्रुखाबाद: महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति अभियान (Mission shakti campaign) 5.0 के अंतर्गत बाल विवाह निषेध अधिनियम–2006 पर जागरूकता कार्यक्रम (Awareness program) आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्याम नगर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट निर्मला राजपूत ने बाल विवाह के कानूनी पहलुओं के साथ-साथ उसके सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि कम उम्र में विवाह न केवल शिक्षा के अधिकार को बाधित करता है, बल्कि जीवनभर के अवसरों को भी सीमित कर देता है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित महिलाओं व बालिकाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ लेने और अपने आसपास बाल विवाह तथा लैंगिक भेदभाव के मामलों में जागरूकता फैलाने की अपील की।
181 हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की जानकारी
वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर पूजा पाल ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चल रही सेवाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 181 महिला हेल्पलाइन संकट की स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान करती है। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं—कानूनी, चिकित्सीय, काउंसलिंग एवं आश्रय सहायता—को सरल भाषा में समझाया।
विद्यालय के शिक्षकों ने नारी सशक्तिकरण पर रखे विचार
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री रामकृष्ण बाजपेई, बालिका प्रमुख नीलम, तथा प्रवक्ता—जितेंद्र परिहार, वीरेंद्र सिंह, अश्वनी, जितेंद्र यादव, गीता यादव, नीलिमा राठौर, रंजन सक्सेना, अर्चना सिंह और रिचा राजपूत—ने नारी सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए।


