शाहजहांपुर में आज दिनांक 24.03.2026 को पुलिस अधीक्षक जनपद शाहजहाँपुर की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष अभियान मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन, जनपद शाहजहाँपुर में रिक्रूट महिला आरक्षियों के साथ विशाखा गाइडलाइन्स जागरूकता के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी तिलहर, क्षेत्राधिकारी लाइन एवं क्षेत्राधिकारी कार्यालय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिला प्रशिक्षुओं को कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा से संबंधित विशाखा गाइडलाइन्स के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई तथा उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, जनपद शाहजहाँपुर जिला चिकित्सालय से आए चिकित्सकों द्वारा महिला रिक्रूट आरक्षियों को स्ट्रेस मैनेजमेंट के बारे में विस्तार से बताया गया, जिससे वे प्रशिक्षण एवं सेवा के दौरान उत्पन्न होने वाले मानसिक दबाव को संतुलित रूप से संभाल सकें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा भी रिक्रूट महिला आरक्षियों से संवाद स्थापित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रिक्रूट महिला आरक्षियों को विधिक, मानसिक एवं व्यावहारिक रूप से सशक्त बनाना रहा, ताकि वे भविष्य में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
*जनपद पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।*


