हापुड़। जिले में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। थाना देहात क्षेत्र के सलाई भट्टे इलाके में आवारा कुत्ते ने भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल को काट लिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
रास्ते में कुत्ते ने किया हमला
जानकारी के अनुसार विकास अग्रवाल कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में एक आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया और काट लिया। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई।
इसी इलाके में डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे को भी आवारा कुत्ते ने काट लिया। बच्चे की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वैक्सीन देने के बाद मेरठ के अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निकाय के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


