– गाटा संख्या 248 में बिना अनुमति 10–12 प्लॉट काटकर बिक्री का आरोप
– सचिन कटियार ने दिया प्रार्थना पत्र
फर्रुखाबाद। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम खानपुर में अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है। गांव के निवासी सचिन कटियार ने इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में सचिन कटियार, पुत्र स्वर्गीय संतोष कटियार, निवासी ग्राम खानपुर, थाना कादरी गेट ने बताया कि ग्राम खानपुर की गाटा संख्या 248, जिसका कुल रकबा लगभग 0.3950 हेक्टेयर है, में कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना किसी सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही है।
आरोप है कि उक्त भूमि को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर करीब 10 से 12 प्लॉट बनाकर बिक्री की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कार्य राजस्व एवं नगर नियोजन नियमों के विरुद्ध है और बिना नक्शा स्वीकृति के की जा रही प्लॉटिंग भविष्य में क्षेत्र में अव्यवस्थित निर्माण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकती है।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से सरकारी नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ आम लोगों के साथ धोखाधड़ी की आशंका भी बनी रहती है।
शिकायतकर्ता ने सिटी मजिस्ट्रेट से मामले की राजस्व विभाग से जांच कराकर अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
अवैध प्लॉटिंग का आरोप, सिटी मजिस्ट्रेट से जांच की मांग


