20.8 C
Lucknow
Saturday, February 28, 2026

विधवा महिला को कब्जे की नीयत से कमरे से निकालने का प्रयास, विरोध पर जान से मारने की धमकी

Must read

देवर, देवरानी व ससुर के खिलाफ पीड़िता ने शमशाबाद थाने में दी तहरीर

शमशाबाद, फर्रुखाबाद (नगर संवाददाता): शमशाबाद नगर (Shamshabad town) में एक विधवा महिला (widow woman) को उसके ससुरालीजनों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कब्जे की नीयत से जबरन कमरे को खाली कराने का प्रयास किया गया और विरोध करने पर पीड़िता को जान-माल की धमकी दी गई। पीड़ित महिला ने इस संबंध में शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर के मोहल्ला चौखंडा निवासी संध्या पत्नी स्वर्गीय अजीत कुमार ने अपने देवर आदेश कुमार, देवरानी गुड़िया तथा ससुर भजनलाल के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उसके पति की मृत्यु अप्रैल 2025 में हो चुकी है। उसके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनका पालन-पोषण वह मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह कर रही है।

पीड़िता के अनुसार पैतृक संपत्ति में बने मकान के बंटवारे में उसे एक कमरा मिला था, जिसमें वह अपने बच्चों के साथ रह रही है। आरोप है कि उक्त कमरे को कब्जाने की नीयत से आरोपी उसे लगातार गाली-गलौज कर जबरन खाली कराने का दबाव बना रहे हैं। इतना ही नहीं, उसे चरित्रहीन बताकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि बीते दिवस आरोपियों ने जबरन उसका कमरा खाली कराने का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी देते हुए कहा कि अगर कमरा खाली नहीं किया तो उसे और उसके पुत्र को जान से मार देंगे। लगातार ससुरालीजनों के उत्पीड़न से भयभीत विधवा महिला ने शमशाबाद थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article